45 लाख की हीरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, ड्रग्स तस्कर पर कसा शिकंजा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

रुद्रपुर/देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (कुमाऊं यूनिट) ने ऊधम सिंह नगर जनपद के थाना नानकमत्ता क्षेत्र से करीब 45 लाख रुपये की 151.17 ग्राम अवैध हीरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह, सीओ परवेज अली और प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना नानकमत्ता पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान लालपुर क्षेत्र से तस्कर बलदेव सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी कैलाखेड़ा, उधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 151.17 ग्राम हीरोइन और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि उसे यह हीरोइन नानकमत्ता के प्रिंस सिंह ने दी थी, जिसकी मां सुरेंद्र कौर उर्फ जमुना पहले से ही नशा तस्करी के मामले में जेल में है। बलदेव सिंह पर रामपुर (यूपी) और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने बताया कि आरोपी से अन्य तस्करों के नेटवर्क की जानकारी मिली है, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने कहा कि एसटीएफ प्रदेश में ड्रग्स माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि नशे से दूर रहें और ऐसे अपराधों की सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement