पुलिस वर्दी पहनकर इंस्टाग्राम रील बनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने युवकों पर की कड़ी कार्रवाई

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

एसएसपी मीणा का सख्त संदेश, पुलिस की वर्दी मनोरंजन नहीं, मर्यादा और जिम्मेदारी का प्रतीक है

हल्द्वानी। दो युवकों द्वारा उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर बनाए गए इंस्टाग्राम और यूट्यूब रील्स पर एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की। वायरल वीडियो में युवक पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी में एक्टिंग करते दिखाई दिए, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भ्रमित करने वाला बताया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जांच में युवकों की पहचान दिनेश (निवासी हल्द्वानी) और दिव्यांश (निवासी मुखानी) के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वर्दी उन्होंने बाजार से खरीदी थी और मनोरंजन के लिए वीडियो बनाया था। पुलिस ने उनसे वायरल वीडियो डिलीट कराए, चालान काटा और उनसे लिखित माफीनामा भरवाया। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।एसएसपी मीणा ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की वर्दी अनुशासन, कर्तव्य और जनसेवा का प्रतीक है, न कि सोशल मीडिया पर स्टंट और मनोरंजन का माध्यम। उन्होंने समाज में भ्रम फैलाने वाले ऐसे हरकतों को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है और आम नागरिकों से भी अपील की है कि वर्दी का आदर करें और कानून का सम्मान बनाए रखें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement