हल्द्वानी:(बड़ी खबर)- बनभूलपुरा में दो अवैध तमंचे और प्रतिबंधित AK-47 के कारतूस बरामद, पूर्व शिक्षक गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से ठीक पहले इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध तमंचे और प्रतिबंधित AK-47 का कारतूस बरामद किया है। मामले में एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो पूर्व में पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है और इसी कारण उसे नैनीताल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था।पुलिस के अनुसार थाना बनभूलपुरा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक घर में छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपित मोबिन खान के पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा और चार कारतूस, साथ ही 7.62 एमएम का एक कारतूस (एके-47 में इस्तेमाल होने वाला) तथा 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद किए गए।परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपित लंबे समय से हथियार दिखाकर परिवार को डराता-धमकाता था। तलाशी में हथियार घर की अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे मिले। पुलिस ने आरोपित को धारा 3/25 और 7/25(1क) आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्ति की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है। छापेमारी के दौरान उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश भी की। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस कहां से प्राप्त किया गया और उसका उद्देश्य क्या था।मामले को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले संवेदनशील माना जा रहा है और पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement