हल्द्वानीः टिकट को लेकर कांग्रेस में घमासान, मेयर पद के लिए इन 24 नेताओं ने की दावेदारी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव के लिए सीटों के आरक्षण की अंतिम सूची और चुनाव तिथि घोषित होने के बाद कांग्रेस नेताओं में टिकट को लेकर दावेदारी तेज हो गई है। आज हल्द्वानी नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के चुनाव प्रभारी गोविंद सिंह कुंजवाल के सामने अपनी दावेदारी पेश की। पार्टी कार्यालय में जुटे कांग्रेस नेताओं ने अपनी ताकत दिखाने के साथ-साथ टिकट के लिए दावेदारी ठोकी। दावेदारों का कहना है कि वे पार्टी के लिए समर्पित हैं और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं।मेयर पद के लिए दावेदारी में कुल 24 नाम सामने आये है। जिसमें से सबसे प्रमुख नाम राज्य आंदोलनकारी ललित जोशी का है। उनके अलावा महानगर अध्यक्ष गोविन्द बिष्ट, जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल, अखिल भंडारी, योगेश जोशी, राजेन्द्र बिष्ट रज्जी, शोभा बिष्ट, मीमांशा आर्या समेत कुल 24 लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की है।इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन किया। चुनाव प्रभारी गोविंद सिंह कुंजवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी और उनकी सरकार नगर निकाय चुनाव से भयभीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आरक्षण में बदलाव कर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस अपनी संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रही है और अगले दो दिनों के भीतर हाईकमान द्वारा टिकट की घोषणा कर दी जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement