हल्द्वानी को 22.57 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना की सौगात, हजारों परिवार होंगे लाभान्वित

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

सांसद अजय भट्ट ने किया शुभारंभ, कहा दूषित जल और बीमारियों से मिलेगी मुक्ति

हल्द्वानी। हल्द्वानी नगरवासियों को वर्षों पुरानी सीवर समस्या से निजात दिलाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए मंगलवार को पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने 22 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई सीवर योजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया। यह बहुप्रतीक्षित परियोजनाएं शहर की आबादी को गंदे पानी, प्रदूषण और सीवर जनित बीमारियों से राहत दिलाने में मील का पत्थर साबित होंगी। शुभारंभ अवसर पर सांसद भट्ट ने जानकारी दी कि पेयजल निर्माण निगम द्वारा रानीबाग–काठगोदाम सीवरेज योजना 14.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है, जिसकी कुल लंबाई 9.70 किमी होगी। यह योजना वार्ड नंबर 1 और 2 के 1007 परिवारों (5033 लोग) को लाभान्वित करेगी।इसी क्रम में राजपुरा सीवरेज योजना को 3.58 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसकी लंबाई 2.81 किमी होगी। यह योजना वार्ड 12, 13, 14 और 15 के 1565 परिवारों (7827 जनसंख्या) को कवर करेगी। साथ ही हीरानगर, रामपुर रोड और पर्वतीय मोहल्ला सीवरेज योजना को 4.17 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसमें वार्ड 11, 17, 19 और 20 के 1783 परिवार (8914 लोग) शामिल होंगे। सांसद भट्ट ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय जनता की वर्षों पुरानी मांग रही है। अब इन योजनाओं के क्रियान्वयन से खुली नालियों में बहने वाले घरेलू सीवर पर रोक लगेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य में व्यापक सुधार आएगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को सीवर टैंक की बार-बार सफाई में होने वाले खर्च और दुर्गंध जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर हल्द्वानी मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पार्षद प्रीति आर्या, हेमंत साहू, पार्षद सलमान सिद्दीकी, अधिशासी अभियंता ए.के. कटारिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement