हल्द्वानी: वनभूलपुरा में पुलिस को देख भागने लगे नशा तस्कर, धरे गए

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी: वनभूलपुरा इलाके में सोमवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गलियों में करीब 15 मिनट तक दौड़ाने के बाद इंद्रानगर इलाके से पकड़ लिया। इनके पास से 96 नशे के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक नशे के इंजेक्शन के साथ वनभूलपुरा क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस पर महिला उपनिरीक्षक मोनी टम्टा के नेतृत्व में सिपाही सुनील कुमार, दिलशाद अहमद, महबूब अली और भूपेंद्र जेष्ठा ने देर रात करीब 12:50 बजे मोहम्मदी मस्जिद वाली गली में दबिश दी पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। गलियों से होते हुए जब वे मुख्य सड़क की ओर भागे तो पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें इंद्रानगर क्षेत्र में घेर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से नशे के 96 इंजेक्शन बरामद हुए, जो दो थैलियों में रखे गए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकीम उर्फ मामू निवासी मलिक का बगीचा और रियासत निवासी इंद्रानगर वनभूलपुरा के रूप में हुई है। थाना बनभूलपुरा के थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement