उत्तराखंड: कुमाऊं क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान,किसानों में निराशा,मुआवज़े की मांग

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

कुमाऊं क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान,किसानों में निराशा,मुआवज़े की मांग..

नैनीताल – कुमाऊं क्षेत्र में आज हुई भीषण ओलावृष्टि ने पूरे क्षेत्र की फसलों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। पूलम, आड़ू, खुमानी, सेब, नाशपाती के साथ-साथ मटर और आलू की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, 2024/2025 में हुए फसल नुकसान का बीमा भी अभी तक किसानों को नहीं मिला है, जिससे पूरे पर्वतीय क्षेत्र के किसानों के चेहरे पर निराशा छाई हुई है।भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विशेष रूप से ओलावृष्टि से हुए नुकसान को देखते हुए पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा नहीं दिया गया, तो शासक वर्ग के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।पनेरु ने कहा, “जब सरकार विधायकों की तनख्वाह बढ़ा सकती है, तो किसानों को मुआवजा क्यों नहीं दिया जा सकता? किसानों की मेहनत और पसीने की कमाई एक बार फिर प्रकृति के प्रकोप की भेंट चढ़ गई है। ऐसे में सरकार का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वह किसानों को तुरंत मुआवजा प्रदान करे।”उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मामले पर तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन और तेज होगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement