हल्द्वानी में बिना मानकों के चल रहे थे मोटर ट्रेनिंग स्कूल: डीएम के छापे के बाद 3 की मान्यता सस्पेंड, जांच के लिए कमेटी गठित

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में बिना मानक के ड्राइविंग सिखाने वाले मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा हंटर चलाया है। नैनीताल के जिलाधिकारी (डीएम) ललित मोहन रयाल के निर्देश पर पिछले दिनों एडीएम के नेतृत्व में ड्राइविंग स्कूलों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई थी। इस दौरान हल्द्वानी के तीन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों में भारी अनियमितताएं और मनमानी उजागर हुई, जिसके बाद परिवहन आयुक्त ने कड़ा एक्शन लेते हुए तीनों स्कूलों की मान्यता को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है।

न पार्किंग स्पेस मिला, न क्लासरूम और इंस्ट्रूमेंट

जांच टीम जब इन तीन मोटर ड्राइविंग स्कूलों में पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। इन स्कूलों के पास न तो गाड़ियों को खड़ा करने के लिए उचित पार्किंग स्पेस था और न ही शिक्षार्थियों को यातायात के नियम समझाने के लिए कोई क्लासरूम बना था। हद तो यह है कि ड्राइविंग सिखाने के लिए जरूरी बेसिक इंस्ट्रूमेंट (उपकरण) तक गायब थे। ये स्कूल बिना किसी ठोस इंफ्रास्ट्रक्चर और मानकों के धड़ल्ले से चल रहे थे।

परिवहन आयुक्त के निर्देश पर विशेष कमेटी कर रही जांच

इस गंभीर लापरवाही पर डीएम ललित मोहन रयाल की रिपोर्ट मिलते ही परिवहन आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तीनों ट्रेनिंग स्कूलों की मान्यता सस्पेंड करने के साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए परिवहन विभाग की एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी अब इन ट्रेनिंग स्कूलों के हर एक बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है।

डीएम की दोटूक बिना मानक स्कूल चलाया तो होगी सख्त कार्रवाई

मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ललित मोहन रयाल ने निर्देश जारी किए हैं कि भविष्य में भी अगर कोई ड्राइविंग स्कूल बिना मानकों को पूरा किए संचालित होता पाया गया, तो उसके खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ (एनफोर्समेंट) हल्द्वानी अरविंद पांडे ने साफ कहा:

सड़क सुरक्षा आम जनता की जिंदगी से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। इसे ध्यान में रखते हुए बिना मानक पूरे किए किसी भी सूरत में ट्रेनिंग स्कूल नहीं खोलने दिए जाएंगे। जिन तीन स्कूलों की मान्यता सस्पेंड की गई है, वे तभी दोबारा काम शुरू कर पाएंगे जब वे अपनी कमियों को दूर कर सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा कर लेंगे।परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की इस संयुक्त और बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य मोटर ट्रेनिंग स्कूल संचालकों में भी हड़कंप का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *