चलती कार बनी आग का गोला, फायर टीम की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

रुड़की-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। घटना Pacific Hotel के पास थाना मंगलौर क्षेत्र की है, जहां कार में आग लगने की सूचना मिलते ही दो मोटर फायर इंजन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझाया और वाहन के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।जानकारी के अनुसार कार स्वामी संजय पुत्र इलम सिंह निवासी रंधेड़ी, थाना गंगोह जिला सहारनपुर अपनी कार से मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में वाहन से धुआं निकलता देख उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोककर तुरंत नीचे उतर गए। कुछ ही देर में कार ने आग पकड़ ली और वाहन के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन तथा अंदर रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर कोतवाली मंगलौर पुलिस भी मौजूद रही और यातायात व्यवस्था संभाली। दमकल विभाग की तत्परता और चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *