72 घंटे में सुलझा हत्याकांड, भतीजा निकला कातिल

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

खटीमा। पुलिस ने खटीमा में हुई बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को चिन्हित किया, जो मृतका का ही भतीजा निकला। घटना 18 फरवरी की देर रात सामने आई जब डायल 112 के माध्यम से कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में वृद्ध महिला जानकी चंद का शव खून से लथपथ हालत में घर के भीतर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट और आरएफएसएल कुमाऊं टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और मृतका के पुत्र की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने गहन सुरागरसी करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद का नाम सामने आया, जिसे 21 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल में मजदूरी करता है और पैसों की जरूरत के चलते 17 फरवरी की शाम मफलर से मुंह ढककर अपनी ताई के घर पहुंचा। उसने उनके साथ भोजन किया और मौका पाकर मफलर से उनका मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान वृद्धा जमीन पर गिर गई और रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद आरोपी ने अलमारी से पर्स निकाल लिया और शक से बचने के लिए घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित सामान की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *