दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
नैनीताल: जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली
पुराने राजस्व वादों के निस्तारण, राउंड द क्लॉक स्वच्छता अभियान व खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के कौशल विकास के निर्देश
अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई व सरकारी भूमि के संरक्षण पर दिया जोर
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को नैनीताल कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। वाहनों के सुव्यवस्थित उपयोग तथा ईंधन एवं तेल की बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों एवं क्षेत्रों से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, राजस्व वादों, कानून व्यवस्था, राजस्व व अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि नियमित सुनवाई करते हुए प्राथमिकता के आधार पर पुराने वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विभिन्न आयोगों से संबंधित जांच रिपोर्टों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से प्रेषित किया जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपनी-अपनी तहसीलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट जिला कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उप जिलाधिकारी सरकारी जमीन के संरक्षक एवं कस्टोडियन हैं, चाहे जमीन किसी भी विभाग या श्रेणी की हो।जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों में डिग्री स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआर एवं जीएसटी से संबंधित प्रशिक्षण तथा बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें रोजगारपरक दक्षताओं से जोड़ा जा सके



