दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान में अब तक 302 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि अनियमितता पाए जाने पर 78 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 39 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष सत्यापन अभियान के तहत जिले के विभिन्न आश्रमों, होम स्टे, हॉस्टल, होटल, प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों में रह रहे बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष टीमें गठित कर 15 फरवरी से एक माह तक प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।जनपद में बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र और मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फैक्ट्री, धर्मशाला, होटल, गेस्ट हाउस और पेइंग गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन तेज कर दिया है। इसके साथ ही निजी और सार्वजनिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों, श्रमिकों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और किरायेदारों का भी रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।अभियान के दौरान संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनके मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर रखा जा रहा है तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई और एसओजी की मदद से निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का विवरण स्थानीय थाने में उपलब्ध कराने की अपील की है, वहीं आम जनता से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से देने का आग्रह किया गया है। नैनीताल पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।



