होली से पहले पुलिस का अभियान, 28 अराजक तत्व हिरासत में

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में आगामी होली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले भर में “ऑपरेशन रोमियो” के तहत विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने, शराब पीने और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले 28 अराजक तत्वों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा 13 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10,250 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। एसएसपी प्रहलाद मीणा ने कहा कि होली के मौके पर सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के हल्द्वानी, आवास विकास कॉलोनी, टीपी नगर, मंडी क्षेत्र, नैनीताल रोड, वर्कशॉप लाइन, ठंडी सड़क, सुभाष नगर, मुखानी क्षेत्र और आरटीओ रोड में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी अभियान चलाया।सार्वजनिक स्थलों, होटलों और ढाबों में शराब पीने और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। एसपी नगर प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में कोतवाली हल्द्वानी की चार टीमें इस अभियान में शामिल रहीं। इस दौरान रोडवेज से तिकोनिया, तिकोनिया से डिग्री कॉलेज, डिग्री कॉलेज से हाईडिल और हाईडिल से नरीमन तिराहे तक छापेमारी की गई। सभी आरोपियों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी प्रहलाद मीणा ने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अगर कोई असामाजिक गतिविधि या अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। युवाओं से भी अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का हिस्सा न बनें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement