हल्द्वानी के युवक के खाते से 1.87 लाख रुपये उड़े

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

योनो ऐप डाउनलोड करने के प्रयास में असफल रहने के बाद एक युवक साइबर ठगों के जाल में फंस गया। ठगों द्वारा भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल का क्लोन बना लिया गया और खाते से 1.87 लाख रुपये उड़ा लिए गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ साइबर थाना रुद्रपुर में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई हैं साईपुरम कमलुवागांजा निवासी पीड़ित गौरव तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका खाता कुसुमखेड़ा शाखा स्थित भारतीय स्टेट बैंक में है। कुछ दिन पहले उन्होंने प्ले स्टोर से एसबीआई की योनो ऐप डाउनलोड करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।अगले ही दिन उनके मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए, जिसमें कई अज्ञात नंबर शामिल थे। ग्रुप में साझा किए गए लिंक पर क्लिक करने पर उन्हें फर्जी योनो ऐप पेज पर ले जाया गया, जहां अपडेट के नाम पर उनसे बैंकिंग से जुड़ी निजी जानकारी भरवाई गई।जानकारी भरते ही उनके मोबाइल पर ओटीपी आने लगे और उसी दिन खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 42,575 रुपये और 89,710 रुपये सहित कुल 1,87,286.64 रुपये इंटरनेट बैंकिंग से अज्ञात खातों में भेज दिए गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *