हरियाणा से ATM लूटने आए थे बदमाश, पुलिस ने मौके पर किया गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

25 लाख लूटने का प्लान हुआ फेल, गैस कटर और फर्जी नंबर प्लेट समेत दो दबोचे, एक फरार

हरिद्वार। हरियाणा से हरिद्वार पहुंचे चोरों का PNB एटीएम लूटने का मंसूबा हरिद्वार पुलिस की सतर्कता के आगे चकनाचूर हो गया। देर रात करीब 2:35 बजे कनखल थाना पुलिस की गश्त टीम ने PNB बैंक की जगजीतपुर शाखा के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसमें मौके से एक युवक भागता हुआ नजर आया जबकि एक कार i-20 बिना चालक के खड़ी थी। पुलिस को एटीएम शटर बंद होने के बावजूद अंदर से खटपट की आवाज सुनाई दी। सतर्कता दिखाते हुए टीम ने शटर को बाहर से लॉक कर दिया और अतिरिक्त फोर्स को बुलाया। शटर खोले जाने पर एटीएम के अंदर दो युवक मौजूद मिले, जो गैस कटर से मशीन काटने की कोशिश कर रहे थे। आधा एटीएम पहले ही कट चुका था और अंदर धुआं फैला हुआ था।मौके से पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान कार्तिक राणा निवासी पानीपत और धीरज निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई। दोनों पेशेवर अपराधी निकले जो नशे की लत में डूबे हुए हैं और एटीएम काटने की तकनीक यूट्यूब से सीखकर दो-तीन दिन पहले हरिद्वार पहुंचे थे। पूरी रैकी के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया। मौके से फर्जी नंबर प्लेट लगी आई-20 कार, गैस सिलेंडर, गैस कटर, पैट्रोमैक्स, छोटा कटर, स्प्रे, लोहे की रॉड और अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी जो रैकी कर रहा था, फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश जारी है। एसएचओ चंद्र मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम की इस तत्परता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement