जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से तीन की मौत, कई घर और वाहन मलबे में दबे, श्रीनगर हाईवे बंद

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। रविवार सुबह रामबन जिले के सेरी बागना इलाके में बादल फटने की घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई, और पहाड़ी मलबा रिहायशी इलाकों में घुस गया, जिससे कई घर और वाहन इसकी चपेट में आ गए।

राहत और बचाव कार्य जारी

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंच चुके हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के अनुसार, आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए प्रयास जारी हैं।

लैंडस्लाइड से हाईवे बंद, यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं

भारी बारिश के कारण रामबन जिले के बनिहाल क्षेत्र में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। इसके अलावा, किश्तवाड़-पद्दर मार्ग भी लैंडस्लाइड के चलते अवरुद्ध हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तबाही का मंजर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ से मलबा गिरते ही कई वाहन दब गए। एक वीडियो में टैंकरों और अन्य गाड़ियों को मलबे में पूरी तरह से दफन देखा जा सकता है। कुछ होटल और घर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।

प्रशासन की अपील: यात्रा से बचें

अधिकारियों ने लोगों से मौसम साफ होने तक यात्रा न करने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में और बारिश की संभावना जताई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement