बागेश्वर: पौंसारी गांव में बादल फटा, दो महिलाओं की मौत, तीन लोग लापता

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

बागेश्वर: जिले के कपकोट तहसील के पौंसारी गांव में शुक्रवार तड़के बादल फटने से तबाही मच गई। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते एक मकान मलबे की चपेट में आ गया, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान बसंती देवी और बछुली देवी के रूप में हुई है। वहीं, लापता लोगों में रमेश चंद्र जोशी, गिरीश चंद्र और पूरन चंद्र शामिल हैं।जिले के डीएम आशीष भटगांई और विधायक सुरेश गढ़िया मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन क्षेत्र में संचार सुविधाएं बाधित होने से समन्वय में दिक्कतें आ रही हैं भारी बारिश से कपकोट क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीती रात से शुक्रवार सुबह तक यहां 100 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश और भूस्खलन से हरसीला–जगथाना मार्ग बैसानी से आगे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मालूखेत मैदान के पास सड़क का 20 मीटर से ज्यादा हिस्सा बह गया है। वहीं, चचई क्षेत्र की पंपिंग योजना बह गई है और कई पैदल पुल टूट गए हैं।ग्राम सभा सुमटी में जमीन धंसने की खबर है, जबकि ग्राम बैसानी में प्रेम सिंह पुत्र भगवत सिंह का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। कई ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और खेत-खलिहान मलबे से पट गए हैं। प्रशासन ने प्रभावितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है और प्रभावित गांव में राहत कार्य जारी हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement