हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: केंटर की चपेट में आकर 13 वर्षीय किशोरी की मौत, क्षेत्र में आक्रोश

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया केंटर और स्कूटी की टक्कर में 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे शनि बाजार रोड पर स्कूटी सवार दो बहनें जा रही थीं, तभी एक कंटेर की चपेट में आने से 13 वर्षीय हदिया पुत्री अब्दुल रहमान निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हदिया अपनी नानी के घर हल्द्वानी आई हुई थी और हादसे के समय अपनी बहन के साथ स्कूटी पर सवार थी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ अमित सैनी ने बताया कि पुलिस को कंटेर और स्कूटी के बीच दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक नाबालिग बच्ची की मृत्यु होने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा दुर्घटना में शामिल कंटेर (यूके 04 सीसी 5999) को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मौके पर मौजूद भीड़ चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और थाने ले गई। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत हैं। बेटी की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *