उत्तराखंड – चलती कार पर पहाड़ी से गिरा मलबा, एक ही परिवार के 6 सदस्य थे सवार, भारी बारिश के बीच चला रेस्क्यू अभियान

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर एक चलती कार पर आ गिरे। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार छह लोगों की जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।जानकारी के अनुसार, थलीसैंण से एक परिवार कार संख्या UK 12 TA 1967 में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान सतपुली-पौड़ी मार्ग पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर कार पर गिर गए। हादसे में कार के शीशे टूट गए और पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार सभी लोग मामूली रूप से घायल हुए।सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका बनी रही, लेकिन एसडीआरएफ जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। एसडीआरएफ के अनुसार कार में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जिनमें संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), ओजस नेगी (8), प्रशांत नेगी (13) और वाहन चालक शामिल थे।इस बीच एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन, पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना देने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *