दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट बदल रहा है, जिससे कहीं राहत तो कहीं आफत की स्थिति बनने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 29 जून को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो रंग देखने को मिलेंगे. देवभूमि के पर्वतीय क्षेत्रों में जहां बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं, वहीं मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को अभी उमस और तपती गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि 29 जून को राज्य में सीधे तौर पर कोई बड़ी चेतावनी तो नहीं है,लेकिन पहाड़ों में स्थानीय स्तर पर मौसम काफी संवेदनशील बना रहेगा. पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे जिलों में आज से ही प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जो आने वाले दिनों में भारी बारिश का रूप ले सकती हैं उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं. बीते 24 घंटों की बात करें तो ऊधमसिंह नगर का पंतनगर और हरिद्वार का रुड़की इलाका सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं, दूसरी तरफ पहाड़ों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जिससे रातों के समय मौसम सुहावना है.





