38वें राष्ट्रीय खेल: कयाकिंग में उत्तराखंड की महिला टीम ने जीता सोना, पुरुषों ने चांदी

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी

देहरादून उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाओं के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विशेष रूप से 500 मीटर की विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सर्विसेज की टीम ने अपनी बेहतरीन स्पर्धाओं के जरिए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाई, जबकि उत्तराखंड और ओडिशा के खिलाड़ी भी पूरी ताकत के साथ मुकाबले में शामिल हुए।

महिला वर्ग में कड़ा मुकाबला

महिला कैनोइंग (C-2, 500 मीटर) स्पर्धा में सर्विसेज की जोड़ी ने 02:04.233 सेकंड के समय में शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की टीम ने 02:06.466 सेकंड में रेस पूरी कर रजत पदक हासिल किया, जबकि उत्तराखंड की टीम ने 02:08.149 सेकंड में रेस समाप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया वहीं, कयाकिंग (K-2, 500 मीटर) महिला वर्ग में उत्तराखंड की टीम ने बेहतरीन गति दिखाई और 01:56.370 सेकंड में रेस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश की टीम ने 01:58.037 सेकंड में रजत पदक हासिल किया, जबकि ओडिशा की टीम ने 01:59.930 सेकंड में कांस्य पदक जीता।

पुरुषों में सर्विसेज का दबदबा

पुरुष कैनोइंग (C-2, 500 मीटर) स्पर्धा में सर्विसेज के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की और 01:47.811 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। ओडिशा की टीम ने 01:50.461 सेकंड में रजत पदक जीता, जबकि दिल्ली की टीम महज 0.166 सेकंड के अंतर से कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही पुरुष कयाकिंग (K-2, 500 मीटर) स्पर्धा में भी सर्विसेज ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 01:36.287 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। उत्तराखंड की टीम ने 01:38.284 सेकंड में रेस समाप्त कर रजत पदक अर्जित किया, जबकि ओडिशा ने 01:38.897 सेकंड में कांस्य पदक पर कब्जा किया।इन रोमांचक मुकाबलों के बाद अब प्रतियोगिता के आखिरी दिन और भी अधिक उत्साहजनक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सर्विसेज की टीम अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जबकि उत्तराखंड और ओडिशा जैसी टीमें भी कड़ी चुनौती पेश कर रही हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement