9 फरवरी से बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की चेतावनी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून: उत्तराखंड की वादियां एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ने को तैयार दिख रही हैं। मौसम विभाग ने 9 फरवरी से प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। अगर पूर्वानुमान सटीक रहा तो उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ की चोटियां दोबारा बर्फ से ढक सकती हैं मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।फरवरी के पहले सप्ताह में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 फरवरी तक मैदानी जिलों में भी खास बदलाव की संभावना नहीं है।

दिन में धूप, सुबह-शाम सर्दी से बढ़ी परेशानी

इन दिनों प्रदेश में मौसम का मिजाज लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। दिन के समय तेज धूप और सुबह-शाम की ठंड के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

मैदानी जिलों में कोहरे का असर

हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत मैदानी जिलों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

फसलों के लिए राहत की उम्मीद

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हल्की बारिश और बर्फबारी होती है तो यह रबी की फसलों और बागवानी के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। इस सीजन में अब तक सामान्य से कम वर्षा और बर्फबारी दर्ज की गई है। 23 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बर्फबारी हुई थी, लेकिन उसके बाद गतिविधियां सीमित रहीं।अब सबकी निगाहें 9 फरवरी पर टिकी हैं। अगर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ तो पहाड़ एक बार फिर बर्फ की चमक से जगमगा सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement