दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाना है। बाजार में भाइयों के लिए राखी और तरह-तरह की मिठाइयों की खरीदारी तेज हो गई है, कई लोगों ने एडवांस ऑर्डर भी दे दिए हैं। लेकिन त्योहार की इस मिठास में मिलावट का जहर घोलने वाले मुनाफाखोरों पर नकेल कसने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
हल्द्वानी और रामनगर की दुकानों पर छापेमारी
सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र के कई बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों और कारखानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मिठाई, पनीर, मावा और दूध से बने अन्य उत्पादों के सैंपल एकत्र किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
रुद्रपुर लैब भेजे जाएंगे सैंपल: अजब सिंह रावत
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब सिंह रावत ने बताया कि चेकिंग अभियान के तहत विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान जिन कारखानों और दुकानों में गंदगी पाई गई, उनके संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं त्योहारी सीजन में अधिक मुनाफा कमाने के लिए बाजार में मिलावटी सामान की आवक बढ़ जाती है। खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि हमेशा पंजीकृत, प्रतिष्ठित और साफ-सुथरी दुकानों से ही मिठाइयों की खरीदारी करें।चांदी का वर्क लगी या बहुत अधिक चटकीले रंगों वाली मिठाइयों से परहेज करें।मावा या पनीर खरीदते समय उसकी ताजगी और महक की जांच अवश्य कर लें। मिलावट होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग या मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करें।







