STF की बड़ी कार्रवाई: 80 लाख की हेरोइन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र से 80 लाख रुपये की हेरोइन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों तस्करों को धर दबोचा। उनके कब्जे से 262 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF, नवनीत भुल्लर के निर्देश पर पूरे राज्य में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीओ STF आर.बी. चमोला के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट पावन स्वरुप के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दरऊ, किच्छा स्थित शिव मंदिर के सामने दबिश देकर दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे यह हेरोइन शाहबुद्दीन नामक व्यक्ति से लाए थे, जो बरेली के रायनवादा इलाके का रहने वाला है। STF टीम अब अन्य ड्रग्स तस्करों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमन बाबू (30) निवासी रायनवादा, बहेड़ी, बरेली और शादाब अंसारी (23) निवासी मुंडिया जागीर, देवरनियां, बरेली के रूप में हुई है। STF और किच्छा पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर ने जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और यदि किसी को नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या STF से संपर्क करें। अभियान के तहत STF का सख्त रवैया जारी रहेगा और ड्रग्स माफिया को जड़ से उखाड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। STF से संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 जारी किए गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement