गौलापार–तीनपानी बाईपास पर फिर हुआ बड़ा सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से कार सवार पांच लोग घायल 

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

 

– गौलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने कट पर फिर बरपा कहर, मौके पर मची अफरा-तफरी

हल्द्वानी। शहर के गौलापार-तीनपानी बाईपास पर एक बार फिर ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास बना कट दुर्घटना का कारण बना। शनिवार की सुबह एक ट्रक और एक कार की मोड़ते समय हुई भीषण टक्कर में कार सवार महिला समते पांच लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनपानी की ओर से आ रहे दोनों वाहन टिपर UK04CC1857 और कार UP32MM0530 एक साथ मोड़ने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान ट्रक की चपेट में आकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान राजन पांडे पुत्र अर्जुन पांडे, शिवम पांडे, देवेंद्र पांडे, शगुन पांडे पत्नी देवेंद्र पांडे और लखनऊ निवासी अनक दुबे पुत्र प्रभाषंकर के रूप में हुई है। सभी घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार ट्रक और कार दोनों ही तीनपानी की दिशा से आ रहे थे। जैसे ही ट्रक ट्रेंचिंग ग्राउंड के कट से मुड़ने लगा, उसके ठीक पीछे चल रही कार भी उसी दिशा में मुड़ी और तेज रफ्तार में चल रहे ट्रक से टकरा गई टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंसे रह गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह ट्रेंचिंग ग्राउंड कट पहले भी कई बार हादसों की वजह बन चुका है, लेकिन न तो यातायात विभाग और न ही नगर प्रशासन ने यहां कोई ठोस व्यवस्था की है। लोगों ने मांग की है कि यहां ट्रैफिक सिग्नल, स्पीड ब्रेकर और उचित दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि ट्रक चालक सऊद भुवाली निवासी है, जबकि कार में सवार यात्री लखनऊ के रहने वाले हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या प्रशासन इस ‘मौत के मोड़’ पर कोई ठोस कार्यवाही करेगा, या हादसों का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा?

Advertisement
Advertisement
Advertisement