उत्तराखंड: देहरादून-बेंगलुरु सीधी उड़ान सेवा का सीएम धामी ने किया शुभारंभ

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून-बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास और हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।उन्होंने कहा कि बेंगलुरु से बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार और निवेश को बल मिलेगा, साथ ही राज्य के युवाओं, उद्यमियों, आईटी प्रोफेशनल्स और छात्रों को बड़ी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए अधोसंरचना विकास और नीति स्तर पर निरंतर कार्य कर रही है।फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, दोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह और यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान भी मौजूद रहे।एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पहली उड़ान सोमवार को अपराह्न 4:30 बजे देहरादून से रवाना हुई और 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। नई सेवा से यात्रियों को चेन्नई, गोवा, कोच्चि, पुणे, विशाखापत्तनम समेत 18 शहरों तक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।विशेष बात यह रही कि पहली उड़ान के लिए तैनात बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला से प्रेरित टेल आर्ट प्रदर्शित किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement