शनि बाजार चौड़ीकरण शुरू, अतिक्रमण पर कार्यवाही

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर के व्यस्त शनि बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही यातायात और जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम द्वारा करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से शनि बाजार रोड के चौड़ीकरण और नाले के शिफ्टिंग कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इस परियोजना के तहत सड़क को चौड़ा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन द्वारा शनि बाजार रोड पर कुल 59 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से कई को हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा मौके पर पहुंचे और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया उन्होंने अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी नगर आयुक्त ने बताया कि यह कार्य शहर के सुव्यवस्थित विकास और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से न केवल सड़क चौड़ी होगी, बल्कि भविष्य में जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी वहीं शहर के विकास कार्यों को क्रियान्वित करने वाली संस्था यूयूएसडीए द्वारा मौके पर नाले के निर्माण और शिफ्टिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो।

Advertisement
Advertisement
Advertisement