हल्द्वानी: CCTV में कैद चंदन तस्करी की वारदात, पुलिस ने शातिर तस्कर पुष्पराज को दबोचा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी: हल्द्वानी में चंदन तस्करी के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने शातिर चंदन तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की गई कीमती चंदन की लकड़ी बरामद की है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें आरोपी रात के अंधेरे में चारदीवारी के भीतर घुसकर चंदन के पेड़ को काटता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। एसपी सिटी मनोज कात्याल ने बताया कि रामपुर रोड स्थित डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चन्द्र डालाकोटी द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के अंदर लगे चंदन के पेड़ को काटकर उसका कीमती हिस्सा चोरी कर लिया है मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संभावित रास्तों पर अलर्ट जारी करते हुए बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान टांडा बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने नीले रंग की यामाहा R-15 मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से चंदन की लकड़ी के छह टुकड़े बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इन्द्रजीत राय, निवासी गांधीनगर, थाना दिनेशपुर, जिला ऊधम सिंह नगर बताया पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पहले भी चोरी और अवैध हथियार के मामलों में गदरपुर और दिनेशपुर थानों से जेल जा चुका है। जेल में उसकी पहचान कमल उर्फ कोमल ढाली निवासी सूरज फार्म, ओझा, बिलासपुर (रामपुर) से हुई थी, जो चंदन तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है आरोपी ने बताया कि 20 जनवरी की रात वह अपने साथी के साथ हल्द्वानी पहुंचा और रामपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में मंदिर के पीछे लगे चंदन के पेड़ को निशाना बनाया। वारदात के दौरान लोगों की आहट से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की तार तक काट दी गई। चोरी की गई लकड़ी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बेचने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही नैनीताल पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है और चंदन तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement