यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा अप्रैल में संभावित, अभ्यर्थियों को मिल सकती है बड़ी राहत

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

पेपर लीक के बाद रद्द हुई परीक्षा को दोबारा कराने की तैयारी तेज, आयोग जल्द करेगा तिथि का ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की बहुप्रतीक्षित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। आयोग ने इस परीक्षा को अप्रैल माह में आयोजित कराने की दिशा में औपचारिक तैयारी शुरू कर दी है। लंबे समय से परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह खबर राहत देने वाली मानी जा रही है। आयोग स्तर पर जल्द ही बैठक कर परीक्षा तिथि पर अंतिम फैसला लिया जाएगा परीक्षा आयोजन को लेकर आयोग ने प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों के चिह्निकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह संकेत है कि आयोग अब परीक्षा कराने के मूड में है। यूकेएसएसएससी ने पिछले वर्ष 21 सितंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित की थी, जिसमें करीब एक लाख पांच हजार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था।हालांकि, परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक केंद्र से पेपर लीक होने का मामला सामने आया, जिसके बाद प्रदेशभर में छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। छात्रों की मांग पर राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी थी।इसके बाद एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर यूकेएसएसएससी ने 11 अक्तूबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया था। आयोग ने उस समय यह भी ऐलान किया था कि तीन माह के भीतर परीक्षा दोबारा आयोजित कराई जाएगी, लेकिन सीबीआई जांच लंबित होने के चलते यह समयसीमा पूरी नहीं हो सकी लगातार टलती परीक्षा के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। अब आयोग द्वारा अप्रैल में परीक्षा कराने की कवायद शुरू किए जाने से उम्मीद जगी है कि जल्द ही अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि मिल जाएगी।यूकेएसएसएससी के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि आयोग इस संबंध में जल्द बैठक करेगा और परीक्षा तिथि तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार परीक्षा आयोजन में सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम सख्ती से लागू किए जाएंगे वहीं दूसरी ओर, पेपर लीक प्रकरण में सीबीआई की जांच अभी जारी है। जांच के निष्कर्ष आने तक आयोग परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और कड़ी निगरानी में संपन्न कराने की तैयारी कर रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement