हल्द्वानी – ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर बैठना युवक को पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर बैठकर गाना सुनना एक युवक को भारी पड़ गया। रविवार देर रात हल्द्वानी से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। मृतक की पहचान गोरापड़ाव स्थित हाथीखाल निवासी विकास (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विकास रविवार शाम बाइक लेकर घर से घूमने निकला था। तीनपानी फ्लाईओवर के पास उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और रेलवे ट्रैक पर बैठकर कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुनने लगा। इसी दौरान रात करीब नौ बजे हल्द्वानी से दिल्ली जा रही ट्रेन वहां से गुजरी, जिसकी आवाज ईयरफोन के कारण युवक नहीं सुन पाया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीन माह पहले हुआ था सड़क हादसा –

परिजनों ने बताया कि विकास कुछ माह पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। करीब तीन महीने तक वह बेड रेस्ट पर रहा और रविवार को ही पूरी तरह से चलने-फिरने लगा था। विकास सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। बेड से उठने के बाद वह पहली बार बाइक से घूमने निकला था, लेकिन यह दिन उसकी जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ।

लापरवाही बन रही जानलेवा –

यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि रेलवे ट्रैक जैसे खतरनाक स्थानों पर ईयरफोन लगाकर बैठना या चलना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे पहले भी हल्द्वानी में इसी तरह की लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं।हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि रात करीब 11 बजे जीआरपी से रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement