हल्द्वानी – उद्योगपति सुभाष गुप्ता को ब्लैकमेल कर करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप, महिला के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी 

हल्द्वानी शहर के एक बड़े उद्योगपति ने एक महिला समेत छह लोगों पर ब्लैकमेलिंग, हनीट्रैप और धोखाधड़ी और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने कथित तौर पर ब्लैकमेल कर उनसे करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले। इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार प्लॉट, एक कार और एक स्कूटी भी हड़पने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला सहित पांच लोगों पर भारतीय दंड सहिंता की धाराएं 120-B , 34, 384, 387, 389, और 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीड़ित उद्योगपति सुभाष गुप्ता हैं और हल्द्वानी क्षेत्र में स्टोन क्रेशर, पेट्रोल पंप सहित अन्य कारोबार करते थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2015 में उनकी मुलाकात हल्द्वानी के गौजाजाली निवासी एक महिला काल्पनिक नाम ‘रीना सिंह’ से हुई थी। महिला ने खुद को कानूनी मामलों से जुड़ा बताते हुए मदद के नाम पर उनसे संपर्क बढ़ाया। इसके बाद कथित तौर पर महिला और उसके साथियों ने उन्हें अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में महिला के साथ कृष्णा कुमार, विक्रम, दिनेशपुर निवासी एक व्यक्ति, सोमवती और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद अली हुसैन को भी कथित साजिश में शामिल बताया है। आरोप है कि ये सभी लोग आपसी तालमेल से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की गतिविधियों में शामिल थे।शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में महिला ने उनसे करीब 45 लाख रुपये लिए। बाद में फोटो और वीडियो के नाम पर बदनामी का डर दिखाकर कथित रूप से ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई। आरोप है कि रीना और उसके साथियों ने वर्ष 2016 से लगातार अलग-अलग माध्यमों से पैसे की मांग की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में दोबारा संपर्क होने के बाद वसूली का सिलसिला तेज हो गया। आरोप है कि चार प्लॉट अलग-अलग लोगों के नाम पर रजिस्ट्री कराए गए। इनमें एक प्लॉट महिला के नाम और दो प्लॉट उसकी बेटी के नाम कराए जाने का दावा किया गया है। आरोपितों ने कथित तौर पर पहले चेक के माध्यम से रकम खाते में जमा कराई और फिर आरटीजीएस ट्रांजेक्शन के जरिए वापस निकलवा ली। इस तरह जमीन के लेन-देन को वैध दिखाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है।व्यापारी का कहना है कि एक मकान दिखाकर 30 लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद ब्याज के नाम पर रकम बढ़ाकर करोड़ों रुपये की मांग की जाने लगी। शिकायत में आरोप है कि महिला और उसके साथी लगातार फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से पैसे मांगते थे। रकम नहीं देने पर फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने और परिवार को बदनाम करने की धमकियां दी जाती थीं शिकायतकर्ता ने 5 नवंबर 2026 की एक घटना का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, महिला उनके छोटे भाई के घर पहुंची और बाद में काठगोदाम क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास उनसे मुलाकात की। वहां कथित तौर पर पैसे की मांग करते हुए जल्द रकम देने का दबाव बनाया गया। व्यापारी ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने और स्वास्थ्य बिगड़ने की बात कहते हुए कुछ समय मांगा था शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे नहीं देने पर मारपीट कराने और जान से मरवाने तक की धमकियां दी गईं। व्यापारी का दावा है कि लगातार वसूली और दबाव के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई है। उनका मकान, पेट्रोल पंप और क्रेशर तक बिकने की नौबत आ गई है।

पहले भी ब्लैकमेलिंग के आरोप लगने का दावा – 

जानकारी के अनुसार महिला के पूर्व कार्यस्थल को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि महिला पहले एक सरकारी संस्थान में उपनल के माध्यम से कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि वहां भी उसने एक वरिष्ठ अधिकारी को ब्लैकमेल किया था। इस वजह से महिला पूर्व में भी जेल की हवा खा चुकी है। इसके अलावा महिला पर खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को कानूनी कार्रवाई की धमकी भी देती है मामले में हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि व्यवसायी की ओर से तहरीर प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर संबंधित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उद्योगपति से संपत्ति और रकम हासिल करने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement