हल्द्वानी:(बड़ी खबर)-ग्राहकों के लाखों के गहने और नकदी लेकर सुनार फरार, पीड़ित पहुंचे पुलिस के द्वार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में एक ज्वेलर द्वारा ज्वेलरी बनाने के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेने के बाद फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ज्वेलर करीब 228.3 ग्राम सोना और भारी नकदी लेकर गायब हो गया है। इस मामले में ज्वेलर की पत्नी ने पहले ही मुखानी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है मंगलवार को क्षेत्र की कई महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र सौंपकर मां भगवती ज्वैलर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सोमवार को जब वे शिकायत लेकर मुखानी थाने पहुंचीं, तो थानाध्यक्ष ने उनकी बात नहीं सुनी।पीड़ितों के अनुसार लामाचौड़ में स्थित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत, निवासी ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) द्वारा किया जा रहा था। नरेंद्र रावत कई वर्षों से लामाचौड़ में रह रहा था और इलाके के लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना और नकदी लेता रहा।बताया जा रहा है कि छह फरवरी को ज्वेलर अचानक दुकान बंद कर लापता हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पूरन सिंह बोहरा ने बताया कि उन्होंने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सिक्का ज्वेलर को दिया था। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नगद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन दिए थे। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद दिए। हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नकद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए थे।पीड़ितों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनकी संपत्ति और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement