शराब पार्टी बनी मौत की वजह: बहनों पर टिप्पणी से भड़का दोस्त, पत्थर से कुचलकर की हत्या

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

कनखल के जंगल में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझी, मथुरा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के लहूलुहान शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझा लिया है। दोस्ती की आड़ में हुई यह सनसनीखेज वारदात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद का परिणाम निकली। बहनों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोशित युवक ने अपने ही दोस्त का पत्थर से सिर कुचलकर कत्ल कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। बीते 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए और शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली कनखल के रूप में हुई। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कनखल में धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मृतक कुनाल एक शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को मथुरा से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी अरविंद ने बताया कि वह कुछ महीनों से कनखल में अपनी नानी के साथ रह रहा था और मृतक कुनाल उसका पड़ोसी व मित्र था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान नशे में कुनाल ने आरोपी की बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और विवाद बढ़ने पर उसे थप्पड़ भी मार दिया। गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद वह मथुरा भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement