दीपक अधिकारी

हल्द्वानी
हल्द्वानी/देहरादून। इस बार रंगों का पर्व होली तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच मनाया जाएगा। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मैदान से लेकर पहाड़ तक चटक धूप खिलने से दिन के समय गर्मी का अहसास बढ़ेगा। खासतौर पर मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। सोमवार को तेज धूप ने अपने तेवर दिखा दिए, जिससे तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यही सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।
सात मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक सात मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। यानी होली के दौरान बारिश की कोई आशंका नहीं है। हालांकि आठ मार्च को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इसका व्यापक असर देखने को नहीं मिलेगा
जलवायु परिवर्तन का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब मौसम के पैटर्न में बदलाव साफ नजर आ रहा है। हल्के-फुल्के बदलाव के बावजूद तापमान में गिरावट नहीं हो रही है। जलवायु परिवर्तन के कारण मौसमी चक्र प्रभावित हो रहा है, जिससे सामान्य परिस्थितियों में होने वाली ठंडक अब कम देखने को मिल रही है।
दिन में बढ़ेगी तपिश, सुबह-शाम राहत
मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय तेज धूप से गर्मी का प्रभाव अधिक रहेगा, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी सामान्य से अधिक तापमान महसूस किया जा सकता है। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है।ऐसे में होली खेलने के दौरान लोगों को धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। रंगों के इस त्योहार पर मौसम भले ही साफ रहे, लेकिन बढ़ती गर्मी से सतर्क रहना जरूरी होगा।



