उत्तराखंड बेटे पर दर्ज पॉक्सो मुकदमे को लेकर टावर पर चढ़ी महिला ,घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा ,भीड़ जुटने से यातायात भी हुआ प्रभावित

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी 

 

त्रिशूल चौक पर घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला को पुलिस ने बचाया, मचा हड़कंप

 

बेटे पर दर्ज पॉक्सो मुकदमे को लेकर टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस और शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने का आरोप

 

रुद्रपुर। शहर के त्रिशूल चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला काफी ऊंचाई पर मौजूद थी और नीचे कूदने की धमकी दे रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर विभाग, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। संयुक्त टीम ने पूरी सतर्कता बरतते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और आखिरकार महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की महिला की पहचान जगतपुरी, दिनेशपुर निवासी तथा मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली के रूप में हुई है। घटना के बाद महिला घबराई हुई थी, जिसके चलते उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बेटे पर पॉक्सो एक्ट में दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम का संबंध दिनेशपुर थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले से जुड़ा है। महिला के बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत मुकदमा पंजीकृत है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। आरोप है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने पुलिस और मामले के शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के उद्देश्य से मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी।

भीड़ जुटने से यातायात भी हुआ प्रभावित

महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसके चलते सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी के अनुसार, मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग पीड़ित की पहचान और गोपनीयता को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement