हल्द्वानी में स्वच्छता का महाअभियान, सड़कों पर उतरे अधिकारी और नागरिक

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने जनसहभागिता के साथ बड़ा सफाई अभियान चलाया, जिसमें अधिकारियों से लेकर आम नागरिक तक सड़कों पर नजर आए। शहरी विकास मंत्रालय के निर्देश पर 7 से 14 अप्रैल तक चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को शहर के प्रमुख स्थानों पर व्यापक सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के निर्देशन में रोडवेज बस अड्डा, केएमओ बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में एक किलोमीटर के दायरे में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान 40 सफाई कर्मियों, 6 बैनी सेना के सदस्यों और करीब 60 नागरिकों ने मिलकर कचरा एकत्र किया और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया।अभियान के दौरान केवल सफाई ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा इधर-उधर न फैलाएं और निर्धारित डस्टबिन या नगर निगम की गाड़ियों में ही डालें, ताकि शहर की स्वच्छता बनी रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सी.एस. टोलिया, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल अस्वाल, सफाई निरीक्षक चतर सिंह और बैनी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि हल्द्वानी को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement