ट्रंचिंग ग्राउंड में आग, जहरीला धुआं बना चिंता का विषय, गार्डों की तैनाती, CCTV सक्रिय करने का निर्देश

दीपक अधिकारी ट्रंचिंग ग्राउंड में आग, जहरीला धुआं बना चिंता का विषय, गार्डों की तैनाती, CCTV सक्रिय करने का निर्देश

हल्द्वानी

हल्द्वानी। नगर निगम के ट्रंचिंग ग्राउंड में आग लगने से फैल रहे जहरीले धुएं के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इस आग को बुझाने के लिए नगर निगम दमकल विभाग की सहायता ले रहा है, जो कूड़े के ढेर पर लगातार पानी डालकर प्रयास कर रहा है। मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने शनिवार को गोला बाईपास रोड स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल को शीघ्रता से आग बुझाने और दमकल की अधिक से अधिक गाड़ियों की सहायता लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड में अराजक तत्वों द्वारा आग लगाई जा रही है, और यहां के सीसीटीवी कैमरों की तारें भी काट दी गई हैं। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन कैमरों को सक्रिय करने के लिए नए तार लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, अराजक तत्वों पर निगरानी के लिए यहां 24 घंटे चार गार्डों की ड्यूटी लगाई जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम ने 24 घंटे के भीतर आग बुझाने का लक्ष्य रखा है और निष्क्रिय सीसीटीवी कैमरों को भी जल्द ही ठीक किया जाएगा। ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े के निस्तारण के लिए टेंडर अपलोड किया जा चुका है, जिसकी निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के प्रयास जारी हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement