दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
तीनपानी–लालकुआँ राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर दुर्घटना न्यूनीकरण के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुदृढ़
तीनपानी से लालकुआँ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर विगत समय में हुई सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत दिनांक 04 जुलाई को नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी श्री ए. पी. वाजपेई की अध्यक्षता में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), रुद्रपुर, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हल्द्वानी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी, हल्द्वानी भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट द्वारा रेलवे ओवरब्रिज, तीनपानी के नीचे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, कन्वैक्स मिरर स्थापित करने, सर्विस रोड पर रंबल स्ट्रिप/थर्मोप्लास्ट मार्किंग कराने तथा हल्द्वानी से लालकुआँ एवं लालकुआँ से हल्द्वानी की ओर जाने वाले मार्ग पर आवश्यक दिशा-सूचक एवं चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे नगर मजिस्ट्रेट के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रेलवे ओवरब्रिज, तीनपानी के नीचे उच्च गुणवत्ता की प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर दी गई है तथा कन्वैक्स मिरर भी लगाए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर रंबल स्ट्रिप/थर्मोप्लास्ट मार्किंग तथा विभिन्न स्थानों पर आवश्यक दिशा-सूचक एवं चेतावनी बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं संपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा चार डीजी सेट भी क्रय किए गए हैं, जिनका ट्रायल वर्तमान में प्रगति पर है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में इन डीजी सेटों के माध्यम से पूरे राजमार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी, जिससे यात्रियों को असुविधा नहीं होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में प्रभावी कमी आएगी नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी श्री ए. पी. वाजपेई ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएँ, रात्रि के समय अनावश्यक आवागमन से बचें तथा किसी भी परिस्थिति में विपरीत दिशा (Wrong Side) में वाहन न चलाएँ। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन और आमजन की साझा जिम्मेदारी है तथा सभी के सहयोग से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है








