हल्द्वानी: विश्व दुग्ध दिवस पर दुग्ध संघ ने किया भव्य आयोजन, ‘आंचल’ ब्रांड को लेकर चलेगा विशेष अभियान

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी: विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर शनिवार को हल्द्वानी में दुग्ध संघ नैनीताल द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान, उपभोक्ता, नगर निगम प्रतिनिधि और दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर दुग्ध उत्पादक किसानों की स्थिति को मजबूत करने और दुग्ध ब्रांड ‘आंचल’ को जन-जन तक पहुँचाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दुग्ध संघ नैनीताल के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि उत्तराखंड का अपना ब्रांड ‘आंचल’ शुद्धता का प्रतीक है, और इसे आमजन से जोड़ने के लिए 1 जून से 4 जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान दुग्ध विभाग की टीम नगर निगम के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों को ‘आंचल’ ब्रांड की उपयोगिता और इसकी गुणवत्ता के बारे में जानकारी देगी।मुकेश बोरा ने कहा, “जब उपभोक्ता आंचल दूध और इससे बने उत्पादों का उपयोग करते हैं, तो वे न सिर्फ शुद्धता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भी सहयोग करते हैं। यह राज्य की आर्थिकी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादकों के हित में विभिन्न सुझाव भी सामने आए, जिनमें दूध संग्रहण केंद्रों की संख्या बढ़ाना, पशुपालकों को तकनीकी प्रशिक्षण देना और उचित मूल्य सुनिश्चित करना प्रमुख रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में ‘आंचल’ ब्रांड से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर रुचि दिखाई

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement