दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी, 4 अगस्त। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 46वीं कार्य परिषद की बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में विश्वविद्यालय की 45वीं कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि एवं उस पर की गई कार्यवाही के अनुमोदन के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रशासन, शैक्षणिक गतिविधियों एवं संस्थागत विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया कार्य परिषद ने विश्वविद्यालय में विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, नए अध्ययन केन्द्रों एवं विशेष अध्ययन केन्द्रों की स्थापना, व्यक्तिगत छात्रवृत्ति (इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप) योजना के क्रियान्वयन, विभिन्न विषयों में अस्थायी आधार पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्तियों, सामुदायिक रेडियो अनुभाग में कार्मिकों के चयन, पुनर्नियोजन से संबंधित विषयों, केंद्रीय मूल्यांकन संचालन हेतु मानदेय निर्धारण तथा विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद की बैठकों में पारित विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तावों एवं संस्तुतियों के अनुमोदन सहित अधिकांश प्रस्तावों को अपनी संस्तुति प्रदान की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद की संस्तुतियों के अंतर्गत विश्वविद्यालय में नवीन शैक्षणिक कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों एवं विनियमों में संशोधन, शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण, परीक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विभिन्न अकादमिक सुधारों से संबंधित प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिन्हें कार्य परिषद ने अनुमोदित करते हुए अपनी संस्तुति प्रदान की।बैठक में लिए गए निर्णयों को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि तथा संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है बैठक में कार्य परिषद के नामित बाह्य सदस्य हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री रमेश चन्द्र बिंजोला ऑफलाइन शामिल हुए। प्रो. बी.एस. राजपूत (पूर्व कुलपति, कुमाऊँ विश्वविद्यालय), प्रो. योजना रावत (पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़), प्रो. शची शाह (इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) तथा उच्च शिक्षा विभाग के नामित प्रतिनिधि अपर सचिव श्री मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस. पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी. डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यसूची कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की।





