वीकेंड पर हल्द्वानी में बदलेगा यातायात रूट, सुबह नौ से रात दस बजे तक डायवर्जन लागू

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी 

 

पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित, भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रहेगी रोक

 

हल्द्वानी में वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस ने 14 और 15 नवंबर को हल्द्वानी शहर का विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान दोनों दिन सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत बरेली, रुद्रपुर, रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं यातायात प्लान के अनुसार बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम पहुंचेंगे। वहीं रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से नए हाईवे होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार रोड से नारीमन तिराहा भेजा जाएगा। हल्द्वानी शहर में प्रवेश कर चुके वाहनों को गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड के रास्ते भेजा जाएगा। रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन कालाढूंगी नैनीताल तिराहे से मंगोली होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

14 और 15 नवंबर को यात्रा मार्ग पर सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन जैसे सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध के वाहन भी दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर नहीं चल सकेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। शहर की ओर आ चुके भारी वाहनों को नंबर एक बैंड के पीछे सड़क किनारे और सलड़ी चौकी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ के अंदर पार्क कराया जाएगा।

दबाव बढ़ने पर पर्यटक वाहनों का बदलेगा रूट

काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक होने पर दोपहर तीन बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन नंबर एक बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से रूसी बाईपास प्रथम होते हुए कालाढूंगी के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने और यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement