दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी, 20 नवंबर। शोध की गुणवत्ता बेहतर बनाने, शोधार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा आधुनिक शोध पद्धतियों एवं सांख्यिकीय तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से राजकीय नर्सिंग कॉलेज, हल्द्वानी की ओर से शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम में दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक एवं शोधपरक शैक्षणिक वातावरण में केवल विषय का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि शोध की वैज्ञानिक पद्धतियों, आंकड़ों के उचित संकलन और उनके सटीक सांख्यिकीय विश्लेषण की समझ भी बेहद जरूरी है। इस तरह के शैक्षणिक आयोजन शिक्षकों एवं शोधार्थियों की अकादमिक दक्षता बढ़ाने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण शोध को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है राजकीय नर्सिंग कॉलेज, हल्द्वानी की प्राचार्या डॉ. शबिस्ता अहमद ने शोध का परिचय देते हुए कॉन्फ्रेंस की केंद्रीय विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। उन्होंने शोध के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा अकादमिक एवं सामाजिक विकास में इसकी भूमिका को रेखांकित किया नर्सिंग सर्विसेज उत्तराखंड शाखा की अध्यक्ष डॉ. मेहविश खालिद ने ‘सैद्धांतिक एवं वैचारिक रूपरेखा’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए मजबूत सैद्धांतिक एवं वैचारिक आधार आवश्यक है। उन्होंने शोध विषय के चयन, अवधारणाओं की स्पष्टता और शोध की रूपरेखा तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी नर्सिंग कॉलेज जॉलीग्रांट के डॉ राजेश के. शर्मा ने ‘शोध के दृष्टिकोण एवं कार्यप्रणाली’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने शोध की विभिन्न पद्धतियों, शोध अभिकल्प के चयन तथा व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से शोध कार्य को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया समझाइ राजकीय नर्सिंग कॉलेज, चंपावत की प्राचार्या डॉ. रश्मि रावत ने ‘आंकड़ों के संकलन के उपकरण एवं विधियां’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रश्नावली, साक्षात्कार और अवलोकन सहित आंकड़े जुटाने की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही शोध में विश्वसनीय एवं प्रमाणिक आंकड़ों के महत्व को बताया नर्सिंग कॉलेज देहरादून के डॉ हेम चंद्र सती ने ‘वर्णनात्मक एवं अनुमानात्मक सांख्यिकी’ विषय पर व्याख्यान देते हुए शोध में सांख्यिकी की भूमिका तथा आंकड़ों के विश्लेषण और निष्कर्षों की व्याख्या में इसके महत्व को स्पष्ट किया। विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज, मुरादाबाद के डॉ. अनुग्रह थॉमस ने ‘केंद्रीय प्रवृत्ति के माप एवं मानक विचलन’ विषय पर माध्य, माध्यिका, बहुलक और मानक विचलन जैसी सांख्यिकीय अवधारणाओं को विस्तार से समझाया नर्सिंग कॉलेज, एम्स मंगलागिरी, आंध्र प्रदेश के डॉ. मुथुवेंकटाचलम एस. ने ‘सामान्य वितरण एवं संबंधों के माप’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने सामान्य वितरण की अवधारणा और विभिन्न चरों के बीच संबंधों के सांख्यिकीय अध्ययन पर प्रकाश डालते हुए शोध में इन तकनीकों की उपयोगिता बताई कार्यक्रम के पहले दिन के समापन पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो डॉ अरुण जोशी, प्रो डॉ के सी पाण्डे, प्राे डॉ आर जी नौटियाल, राजकीय नर्सिंग कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर अनिता अधिकारी, डॉ. अंजू रानी, गीतांजलि साह, सागर, दीपिका जंगपांगी, गीता, वैशाली, हेमलता, सुखप्रीत, गीतांजलि बिष्ट, प्रियंका जोशी, पूनम, लता, भानू, स्नेहा, ज्योति , जीवन पालड़िया सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आलोक उप्रेती जनसंपर्क अधिकारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी









