दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर बैंक खाते को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। हल्द्वानी के मानपुर पश्चिम, देवलचौड़ निवासी महेश चंद्र कबड़वाल के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर करीब 3 लाख 65 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले में कोतवाली हल्द्वानी के थाना प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।पीड़ित महेश चंद्र कबड़वाल ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को उनके बैंक खाते से 10 अलग-अलग संदिग्ध ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 3 लाख 65 हजार रुपये की निकासी की गई। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति को अपने खाते से धनराशि निकालने की अनुमति नहीं दी थी और न ही किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा किया था।शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर Meesho Vyapar App, Paytm, Alien सहित विभिन्न ऐप और वेबसाइटों के नाम से लगातार ओटीपी आने लगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को भी इसी तरह कई ओटीपी प्राप्त हुए। लगातार ओटीपी आने की घटना को संदिग्ध मानते हुए पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया था।पीड़ित ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा में शिकायत दर्ज कराई और अपने यूपीआई व क्रेडिट कार्ड को फ्रीज कराया। इसके अतिरिक्त साइबर क्राइम विभाग में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कही न कही बैंक की भूमिका भी संदिग्ध है।महेश चंद्र कबड़वाल ने पुलिस से मामले की जांच कर साइबर अपराधियों का पता लगाने, बैंक खाते से निकाली गई धनराशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







