दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में प्रभु श्रीराम की भव्य बारात ने पूरे शहर को राममय कर दिया। अयोध्यापुरी से जनकपुरी यानी रामलीला मैदान तक निकली इस भव्य बारात में 20 हजार से अधिक रामभक्तों के शामिल होने का दावा किया गया। आकर्षक धार्मिक झांकियां, गूंजते जय श्रीराम के जयकारे और जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। खास बात यह रही कि बारात का शहर में 25 से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया हल्द्वानी में प्राचीन श्री शिव सेवा समिति की ओर से आयोजित प्रभु श्रीराम की भव्य बारात श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। बारात में सबसे आगे धर्म ध्वज और प्रभु श्रीराम की भव्य झांकी रही, तो हाथों में ध्वज लिए बच्चे जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए बारात में ब्रह्मा-विष्णु-महेश, हनुमान जी, बाबा नीम करौली जी, शेरावाली माता, वासुदेव, महाकाल, भीष्म पितामह और खाटू श्याम के भव्य स्वरूपों के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। केरल की सांस्कृतिक प्रस्तुति सहित देश की विविध संस्कृतियों की झलक भी देखने को मिली।बारात जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। केसरवानी समाज, पंजाबी जन कल्याण समिति, अग्रवाल समाज, सिंधी समाज और पाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जलपान एवं मिष्ठान वितरण की व्यवस्था की।वहीं, जनकपुरी यानी रामलीला मैदान पहुंचने पर कन्या पक्ष ने पुष्पवर्षा और मिष्ठान खिलाकर बारात का स्वागत किया। आयोजन में विधायक सुमित हृदयेश सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों की सहभागिता रही आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक हरिमोहन अरोड़ा ने सभी रामभक्तों, सहयोगी संगठनों और आयोजन को सफल बनाने वाले लोगों का आभार जताया। हल्द्वानी में निकली प्रभु श्रीराम की इस भव्य बारात ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।





