धारचूला में 23 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, शहर में दहशत, नामजद रिपोर्ट दर्ज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

पिथौरागढ़/धारचूला। धारचूला नगर में शनिवार रात एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। 23 वर्षीय कमलेश दानू को नगर पालिका कार्यालय मार्ग पर खून से लथपथ हालत में घायल पाया गया। घायल अवस्था में उसे पहले उपजिला चिकित्सालय और फिर जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने देर रात उसे मृत घोषित कर दिया घटना के बाद नगर में दहशत का माहौल है। मृतक कमलेश दानू धारचूला के ग्वालगांव फूलबस्ती का निवासी था। शनिवार रात लगभग 10 बजे वह पालिका मार्ग पर दर्द से कराहते हुए खून से लथपथ मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। 108 एंबुलेंस के जरिए उसे उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बलुवाकोट के पास उसकी मौत हो गई।

पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मामला

कमलेश के पिता गोवर्धन सिंह दानू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे महिमन नेगी नामक युवक ने उनके बेटे को फोन कर बुलाया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात हादसे की जानकारी मिली।तहरीर में उन्होंने चंदू खैर, सचिन नबियाल और उनके अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना स्थल के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपी फरार

पुलिस घटना स्थल की जांच कर रही है। हत्या के बाद से आरोपी फरार हैं और देर शाम तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।मृतक का पोस्टमार्टम जिला मुख्यालय में कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शव को अंतिम संस्कार के लिए धारचूला ले जाया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement