हल्द्वानी: बीच रास्ते में खराब हुई रोडवेज बस, दो घंटे इंतजार के बाद भी नहीं मिला आराम, पर्यटकों ने जताई नाराजगी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम की लचर व्यवस्थाएं इन दिनों यात्रियों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। रविवार को हल्द्वानी से नैनीताल के लिए रवाना हुई काठगोदाम डिपो की बस संख्या यूके07पीए-2917 बीच रास्ते में ही खराब हो गई। बस के प्रेशर पाइप के फटने से वाहन दो गांव पार करते ही रुक गया, जिससे उसमें सवार 38 यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।यात्रियों का कहना है कि उन्हें पहले ही हल्द्वानी बस अड्डे पर करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा था और अब बीच रास्ते में बस खराब हो गई। कई यात्रियों ने परिवहन निगम की खस्ताहाल सेवाओं पर नाराजगी जताई।बस स्टेशन प्रभारी रघुवीर चौधरी ने बताया कि खराब बस को हेल्प भेजकर काठगोदाम डिपो वापस लाया गया है, जहां मरम्मत का कार्य चल रहा है। यात्रियों को दूसरी बसों की मदद से नैनीताल भेजा गया।

पीक सीजन में नहीं संभाल पा रहा निगम

नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते उत्तराखंड परिवहन निगम की व्यवस्थाएं लड़खड़ा गई हैं। हल्द्वानी बस स्टेशन पर सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक नैनीताल, कैंचीधाम, अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले सैकड़ों पर्यटक घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन पर्याप्त बसें नहीं होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ता है।पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों ने मांग की है कि सीजन के दौरान बसों की संख्या में तत्काल बढ़ोतरी की जाए और यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित इंतजाम किए जाएं। फिलहाल, यात्रियों को ‘भगवान भरोसे’ ही यात्रा करनी पड़ रही है, जबकि परिवहन निगम की जवाबदेही सवालों के घेरे में है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement