दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
लोहाघाट। क्षेत्र के सुड डूंगरी गांव में तेंदुए ने घर के पास ही 13 वर्षीय किशोर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हिमांशु पुजारी (13) मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से महज 40 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर खेतों की ओर ले गया। काफी देर तक हिमांशु के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। करीब रात 9:30 बजे उसका शव घर से लगभग 40 मीटर दूर खेतों में मिला परिजन आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग के खिलाफ आक्रोश भी है। लोगों ने क्षेत्र में तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।







