नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, 82 वाहन चालान, 6 सीज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल-हल्द्वानी मार्गों पर चला परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान

हल्द्वानी। परिवहन विभाग ने नियम विरुद्ध और अनधिकृत वाहन संचालन पर सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 82 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहन जब्त कर सीज कर दिए गए। यह अभियान नैनीताल, हल्द्वानी और कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर एक साथ चलाया गया।नैनीताल क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक, हल्द्वानी में एआरटीओ जितेंद्र सिंघवान तथा कालाढूंगी मार्ग पर परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग, रिफ्लेक्टर की अनुपस्थिति, नंबर प्लेट की गड़बड़ी, सीट बेल्ट न लगाने और दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट के संचालन जैसे गंभीर उल्लंघनों पर चालान किए गए।बताया कि कुछ वाहन चालक आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके चलते पिकअप, ई-रिक्शा और ऑटो सहित कुल 6 वाहनों को सीज किया गया। प्रवर्तन अभियान में परिवहन विभाग के कर्मियों श्रीनंदन रावत, गिरीश कांडपाल, चंदन सप्याल, महेंद्र कुमार और अरविंद हांकी की सक्रिय भागीदारी रही। इस चेकिंग अभियान की निगरानी संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. गुरदेव सिंह द्वारा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement