सल्ट में मिले 161 जैलटन ट्यूब मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने किया पर्दाफाश

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

एसएसपी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी किया गया गिरफ्तार

अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र में बरामद हुए 161 जैलटन ट्यूबों के संवेदनशील मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। झाड़ियों में छिपाकर रखे गए विस्फोटक पदार्थों की बरामदगी के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर स्थानीय प्रशासन तक हलचल मच गई थी। मामले में एसएसपी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर तेज़ी से की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के पीछे का पूरा घटनाक्रम उजागर हो गया है और पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रशांत कुमार विष्ट को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब 20/21 नवंबर को रा.ऊ.मा.वि. डभरा, हल्का नंबर-3 के पास झाड़ियों में बेलनाकार 161 जैलटन ट्यूब मिलने पर थाना सल्ट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने चार विशेष टीमों का गठन किया और बम डिस्पोज़ल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड, एलआईयू और स्थानीय पुलिस को सर्च अभियान में शामिल किया।गठित टीमों ने क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद आरोपी प्रशांत विष्ट पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वर्ष 2016-17 में उसने सड़क निर्माण का कार्य लिया था और उस दौरान किराए के कमरे में रहता था। वर्ष 2018 में चट्टान तोड़ने के लिए उसके साझेदार लवी द्वारा ये जैलटन ट्यूब लाए गए थे। पूरे मामले का रहस्य तब खुला जब पता चला कि आरोपी बीते 6-7 वर्षों से किराए के कमरे को खाली नहीं कर रहा था। जून 2025 में मकान मालिक द्वारा कमरे का ताला तोड़कर सफाई कराई गई और अनजाने में मजदूरों ने कमरे में पड़ी सामग्री को झाड़ियों में फेंक दिया। मकान मालिक को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनमें विस्फोटक पदार्थ भी शामिल थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी जानकारी जुटा रही है और संभावित साजिश के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement