दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
रामनगर में मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में शनिवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर एक्ट के आरोपी चंदन सागर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही जंगल में छिपे आरोपी ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में जा लगी। गोली आर-पार होने के बाद आरोपी को घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया पुलिस के अनुसार, शिवलालपुर निवासी चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार रात उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम हाथीडांगर क्षेत्र में पहुंची थी। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी वन विभाग के चेकपोस्ट से आगे जंगल की ओर भागकर छिप गया। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर तलाश शुरू की तो आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर झोंक दिए। फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया फायरिंग की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल को चारों तरफ से घेर लिया गया। घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर हुई जवाबी कार्रवाई में चंदन सागर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों की लंबी फेहरिस्त है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।






